April 24, 2019 Blog

भगवान शिव के इन 21 नामों के स्मरण मात्र से मिल जाती है मुक्ति, सोमवार को जरुर पढ़े ये नाम

BY : STARZSPEAK

 

देवों में देव महादेव की भक्ति को बहुत ही सरल और सहज माना जाता है. कहा जाता है कि भगवान शिव की पूजा अर्चना सच्चे मन से की जाए तो वह जल्दी प्रसन्न हो जाते हैं. भक्ति भाव और निश्चल मन से अगर एक लोटा पानी भी चढ़ाया जाए तो भी भोलेनाथ प्रसन्न होकर आशीर्वाद देते हैं.

 

सोमवार का दिन भगवान शिव जी को समर्पित है. इस दिन पूजा करने से मनोकामना पूरी होती है. भोलेनाथ अपने नाम की भांति भोले हैं. वह भक्तों की सभी मुरादे पूरी करते हैं. वहीं शास्त्रों के मुताबिक यदि किसी व्यक्ति को मुक्ति चाहिए तो उसे भगवान शिव के 21 नामों का स्मरण करना चाहिए. सोमवार के दिन इन नामों का स्मरण दिन में एक बार जरूर करना चाहिए. तो चलिए आपको बताते हैं भगवान शिव के 21 नाम-

 

  1. शिव - कल्याण स्वरूप
  2. महेश्वर - माया के अधीश्वर
  3. शम्भू - आनंद स्वरूप वाले
  4. पिनाकी - पिनाक धनुष धारण करने वाले
  5. शशिशेखर - सिर पर चंद्रमा धारण करने वाले
  6. वामदेव - अत्यंत सुंदर स्वरूप वाले
  7. विरूपाक्ष - विचित्र आंख वाले( शिव के तीन नेत्र हैं)
  8. कपर्दी - जटाजूट धारण करने वाले
  9. नीललोहित - नीले और लाल रंग वाले
  10. शंकर - सबका कल्याण करने वाले
  11. शूलपाणी - हाथ में त्रिशूल धारण करने वाले
  12. खटवांगी- खटिया का एक पाया रखने वाले
  13. विष्णुवल्लभ - भगवान विष्णु के अति प्रिय
  14. शिपिविष्ट - सितुहा में प्रवेश करने वाले
  15. अंबिकानाथ- देवी भगवती के पति
  16. श्रीकण्ठ - सुंदर कण्ठ वाले
  17. भक्तवत्सल - भक्तों को अत्यंत स्नेह करने वाले
  18. भव - संसार के रूप में प्रकट होने वाले
  19. शर्व - कष्टों को नष्ट करने वाले
  20. त्रिलोकेश- तीनों लोकों के स्वामी
  21. शितिकण्ठ - सफेद कण्ठ वाले

 

रुद्राभिषेक से भी प्रसन्न होते हैं भगवान शिव

वैसे तो भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए आप हर सोमवार उनके 21 नामों का जाप कर सकते हैं लेकिन इसके साथ ही आप महादेव को प्रसन्न करने के लिए रुद्राभिषेक भी कर सकते हैं. ज्योतिषों के मुताबिक सही समय पर रुद्राभिषेक करके आप भगवान शिव से मनचाहा वरदान पा सकते हैं क्योंकि भगवान शिव के लिए उनका रुद्र रूप बहुत प्रिय है.

 

रुद्राभिषेक की महिमा

भोलेनाथ सबसे सरल उपासना से भी प्रसन्न होते हैं लेकिन रुद्राभिषेक उन्हें सबसे अधिक प्रिय है. कहा जाता है कि रुद्राभिषेक से शिव जी को प्रसन्न करके आप असंभव को भी संभव करने की शक्ति हासिल कर सकते हैं. इसलिए आप भी सही समय पर रुद्राभिषेक करिए और शिव कृपा के भागी बनिए लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि आप सच्ची श्रद्धा के साथ ही रुद्राभिषेक या जाप करें.

 

- रुद्र भगवान शिव का ही प्रचंड रूप है.

- भगवान शिव की कृपा से, सभी ग्रह बाधाओं और समस्याओं का विनाश होता है.

- शिवलिंग पर मंत्रों के साथ विशेष चीजें अर्पित करना ही रुद्राभिषेक कहा जाता है.

- आप चाहें तो रुद्राभिषेक में शुक्ल यजुर्वेद के रुद्राष्टाध्यायी के मंत्रों का पाठ करते हैं.

- सावन के महीने में रुद्राभिषेक करना सबसे अधिक शुभ माना जाता है.

- रुद्राभिषेक करने से आपकी मनोकामनाएं भी जल्दी पूरी होती हैं.

- रुद्राभिषेक कोई भी कष्ट या ग्रहों की पीड़ा दूर करने का सबसे उत्तम उपाय है.

 

अलग-अलग वस्तुओं से करें अभिषेक

 

रुद्राभिषेक में मनोकामना के मुताबिक अलग-अलग वस्तुओं का इस्तेमाल किया जाता है. ज्योतिषों का मानना है कि जिस वस्तु से रुद्राभिषेक करते हैं उससे जुड़ी मनोकामना ही पूरी होती है. तो चलिए आपको बताते हैं किन वस्तुओं के प्रयोग से होगी आपकी मनोकामना पूरी

 

- जल की धारा भगवान शिव को बेहद प्रिय है, अत: शुद्ध जल से भगवान शिव का अभिषेक करने पर भरपूर जलवृष्टि होती है.

- लक्ष्मी प्राप्ति के लिए गन्ने के रस से भगवान शिव का अभिषेक करना चाहिए.

- यदि आप गाय के दूध से अभिषेक करते हैं तो नि:संतानों को संतान प्राप्त होती है. 

- शहद से अभिषेक करने पर पापों का नाश हो जाता है.

- घी से अभिषेक करने पर जीवन में आरोग्यता आती है.

- सरसों के तेल से अभिषेक करने पर शत्रुओं का नाश होता है.


Read More- एकादश रूद्राभिषेक से शिव जी क्या फल प्रदान करते है...जानिए यहां